* In case of any delay in receiving the OTP, you may verify it later. Please proceed without verification.
Please enter your Email ID or Mobile number used at the time of registration.
If you enter your Email ID, your password will be sent to your Email ID or
if you enter your Mobile number, your password will be sent through an SMS on
your Mobile -
भारत यूं तो विविधताओं का देश हैं। यहां पर ऐतिहासिक इमारतें, प्राचीन पहाड़, हरे भरे जगंल, चंचल नदियां, रेगिस्तान एवं विशाल समुद्र स्थित है। जिसे देखने के लिए प्रत्येक वर्ष देश-विदेश के पर्यटक जाते हैं। भारत का हर राज्य, हर क्षेत्र अपने आप में बहुत खास है उसकी संस्कृति एवं सभ्यता उसे अलग और विशेष बनाती है। किन्तु जब हम कहीं घूमते हैं तो हमें भूख भी लगती है। जिसे दूर करने के लिए हम मंहगे से महंगा और अच्छा खाना खाते हैं। और भारत में तो खाने की विविधताएं हैं यहां एक से बढ़कर एक व्यंजन है जो भूख मिटाने के साथ-साथ आपको ऊर्जा और क्षमता भी प्रदान करते हैं। लेकिन यदि आप भारत में हैं और आपने भारत के सड़कों के पास बिकने वाले स्ट्रीट फूड्स यानि आम पकवानों को नहीं खाया तो कुछ नहीं खाया।
जी हां भारत में एक से बढ़कर एक स्ट्रीट फूड्स है जो आपको भारत के प्रत्येक क्षेत्र, प्रत्येक राज्य के नुक्कड़, गली और सड़कों पर आसानी से मिल जाएगें। यह खाने में तो स्वादिष्ट और चटपटे होते हीं है साथ ही आपकी जेब पर भी असर नहीं डालते । भारत के व्यंजनों के बारे में आपको जानना हो तो तो इन स्ट्रीट फूड्स का लुत्फ जरुर उठाएं। प्रत्येक राज्य और शहर का अपना एक प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड्स होता है जो उस राज्य में विशेष रुप से प्राप्त होता है। यह स्ट्रीट फूड्स देखने से ही आपके मुंह में पानी भर आएगा। इनका स्वाद भी लजवाब होता है।
ये स्ट्रीट फूड्स सिनेमाघरों और प्रसिद्ध सार्वजनिक क्षेत्रों, बाजार, प्रसिद्ध होटल और सैलून इत्यादि के सामने आसानी से आपको विक्रेताओं द्वारा मिल जाएगें। इनके लिए आपको ज्यादा ढूंढने की जरुरत नहीं पढ़ेगी। ये स्ट्रीट फूड्स ज्यादातर कॉलेज के छात्रों और दूसरे शहरों से पढ़ने आए विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों में बहुत लोकप्रिय है क्योंकि यह स्ट्रीट फूड्स आसानी से मिलने के साथ ही, उतनी ही आसानी से बनाए भी जा सकते हैं। इनमें आपको ज्यादा पैसा खर्च नहीं करना पड़ता यह पॉकेट फ्रेंडली होते हैं। भारत विविध राज्यों वाला एक राष्ट्र है, प्रत्येक का अपना स्वादिष्ट व्यंजन है। स्ट्रीट फूड्स भारत के विभिन्न राज्यों के स्वाद का गुलदस्ता हैं। जहां आपको एक साथ कई राज्यों के पकवान खाने को मिल जाते हैं। जैसे की पंजाब और दिल्ली के प्रसिद्ध छोले भठूरे और चाट जो आपका पेट भी भर देते हैं और जिनका चटपटा स्वाद आपको हमेशा याद रहता है। उसी प्राकार से मुंबई की पाव भाजी, वड़ा पाव जो बहुत आसानी से आपको मुंबई की सड़कों पर मिल जाएगें। इतनी ही नहीं भारत में एक ही स्ट्रीट फूड्स को कई नामों से भी जाना जाता है जैसे पानी पुरी जिसे मुंबई में पानी पुरी, दिल्ली में गोलगप्पे और कोलकाता में पुचका कहा जाता है जिसे मुंह में रखते ही उसका खट्टा तीखा पानी आपको उसे और खाने को मजबूर कर देता है। कई स्ट्रीट फूड्स सेहत के लिए भी अच्छे होते हैं जैसे मध्य प्रदेश गुजरात का पोहा जो कई पौष्टिक त्तवों से भरपूर होता है। दक्षिण भारत का डोसा, इडली एंव वड़ा जो खाने में भी स्वादिष्ट होते हैं और सेहत के लिए भी अच्छे होते हैं। भारत के स्ट्रीट फूड्स की खासियत यह है कि यहां आपको दक्षिण भारत का डोसा भी मिल जाएगा और दिल्ली के छोले भठूरे भी वो भी एक साथ। यहां हर राज्य के स्ट्रीट फूड्स आपको किसी भी राज्य में आसानी से उपलब्ध हो जाएगें। जिन्हें खाए बिना आप रह नहीं पाएगें। भारत में विभिन्न स्थानों की आपकी यात्रा केवल तभी पूरी होगी जब आप सड़क इन खाद्य पदार्थों का स्वाद लेगें। इस आर्टिकल के माध्यम से हम आपको भारत के कुछ ऐसे ही लज़ीज स्ट्रीट फूड्स के बारे में बता रहे हैं जिन्हें देख कर ही आपके मुंह में पानी आ जाएगा और जिन्हें खाए बिना आप रह नहीं पाएगें।
भारत के इन स्ट्रीट फूड्स को एक बार जरुर चखें
छोले भटूरे
छोले भटूरे एक पंजाबी पकवान है। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट होता है आप इसे सुबह नाशते में या दोपहर के खाने में तथा रात के खाने में भी खा सकते हैं। यह एक ऐसा स्ट्रीट फूड है जिसे आप जब चाहे तब खा सकते हैं। यह दिल्ली और पजांब में आपको बहुत आसानी से हर नुक्कड़, हर सड़क पर मिल जाएगा। जिसके लिए आपको ज्यादा खर्चा भी नहीं करना पढ़ेगा। छोले जिसे काले एवं सफेद चने को भिगोकर मसालो के साथ पकाया जाता है जिसके साथ में पूरी की तरह मैदे से भटूरा बनाया जाता है और उसे प्याज एवं चटनी के साथ परोसा जाता है जो आपके मुंह में दूर से ही पानी ला देगा। यह दोपहर के भोजन के दौरान खाए जाने वाले सबसे लोकप्रिय व्यंजनों में से एक है।
पोहा-जलेबी
मध्यप्रदेश के भोपाल शहर की पोहा-जलेबी पूरे भारत में प्रसिद्ध है। यह खाने मे जितनी स्वादिष्ट होती है उतनी ही शरीर के लिए पौष्टिक भी होती है। पोहा जो पके चावल जिसे चिड़वा भी कहा जाता है उसे बनाया जाता है इसमें आलू, प्याज, सब्जियों को इच्छानुसार डालकर पकाया जाता है यह पेट के लिए भी बहुत हल्का होता है। पोहे को धनिया पत्ती और नमकीन, मूंगफली डालकर कर तैयार किया जा है। और गर्मागर्म परोसा जाता है। आम तौर पर, इसे सुबह के अच्छे नाशते के लिए बनाया जाता है। पोहा के साथ जलेबी खाना और भी स्वादिष्ट होता है। नमकीन के साथ मिठे का यह संयोजन लाजवाब होता है। जलेबी को मैदा से तैयार किया जाता है जिसे चीनी की चाशनी में डूबो कर गर्मा गर्म परोसा जाता है। जलेबी एक तरह की भारतीय मीठाई भी है जो बहुत स्वादिष्ट होती है। पोहा-जलेबी का यह संगम आपके खाने की भूख और बढ़ा देता है।
आलू टिक्की चाट
अलू-टिककी चाट उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख पकवान है। जिसे आप हर सड़क, नुक्कड़, दुकान पर पा सकते हैं। आलू-टिक्की चाट खाने के लिए अधिकतर प्रसिद्ध दुकानों पर लंबी लाइनें लगी रहती हैं। यह एक मुंह में पानी ला देने वाला स्ट्रीट फूड है। आलू-टिक्की को बनाने के लिए उबले हुए आलू को मसल कर टिक्की बनाई जाती है जिसे दही, सैव, नमकीन, मठरी इत्यादि मसालों के साथ तैयार कर परोसा जाता है धनिए की पत्ती से इसकी सजावट देखकर ही इसे खाने का मन करने लगता है। यह खानें में बहुत ही स्वादिष्ट और चटपटी होती है।
कबाब
कबाब एक शाकाहारी और मासांहारी दोनों तरह से बनाए जाने वाला पकवा है। यह अधिकतर मांसाहारी रुप में बनाया जाता है। हैदराबाद और लखनऊ के कबाब पूरे भारत में प्रसिद्ध है। कबाब को मुख्यतः सेंक और भूनकर दोनों तरह से पकाया जाता है साथ में प्याज और चटनी के साथ इसे गर्मागर्म जब परोसा जाता है तो देखकर ही जी इसे खाने के लिए छटपटाने लगता है। कबाब को मुख्यतः दिन एवं रात के भोजन में या शाम को चाय के साथ विशेष रुप से खाया जाता है।
वडा पाव
वडा पाव एक महाराष्ट्र का प्रसिद्ध पकवान है। जिसे विशेष रुप से महाराष्ट्र के शहरो मुंबई एवं पुणे की सड़कों, गलियों में आसानी से बिकते हुए देखा जा सकता है। वड़ा पाव खाने में बहुत स्वादिष्ट होता है साथ ही यह सेहत के लिए भी अच्छा होता है। मुंबई में तो हर आम नागरिक से लेकर बड़े-बड़े लोगों की पहली पंसद वड़ा-पाव ही होता है। आज के समय में वड़ा-पाव देश के लगभग हर क्षेत्र में आसानी से उपलब्ध हो जाता है जिसे लोग बड़े ही चाव से खाते है। वड़ा एक ब्रेड का टुकड़ा या बन होता है जिसके साथ आलू को उबालकर उसे पकोड़े की तरह बनाया जाता है और वड़ा के बीच मे रखा जाता है। साथ में तली हुई मिर्ची और चटनी के साथ इसे परोसा जाता है जो देखने में ही कमाल लगती है। इसे खाए बिना आप स्वंय को रोक नहीं पाएगें।
दबेली
दबेली एक गुजराती पकवान है। जिसे उबले हुए आलू और चटपटे मसालों के साथ तैयार किया जाता है। इसे पाव या बन में रख कर चटनी और नमकीन के साथ सजा कर खाने के लिए परोसा जाता है। यह गुजरात के साथ-साथ महाराष्ट्र मुंबई में भी प्रसिद्ध है। यह आपको मुंबई और अहमदाबाद की सड़कों पर आसानी से मिल जाएगी। जिसे खाने के बाद आप इसके दिवाने हो जाएगें और इसे फिर से खाना चाहेगें।
अंडा (एग) रोल
एग यानि अंडा रोल एक प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड है जो विशेष रुप से कोलकाता के सड़कों पर आपको लोकप्रिय व्यंजन के रुप में आसानी से मिल जाएगी। इसे अंडे को फ्राइ करके रोटी या पराठों के साथ लपेटा जाता है और चटनी एवं प्याज के साथ सजा कर परोसा जाता है। जो खाने में तो लाजवाब होता ही है साथ ही आपकी सेहत के लिए भी काफी अच्छा होता है। इसमें पोषक तत्व भी मौजूद रहते हैं जो आपकी भूख मिटाने के साथ आपके पेट और दिल को भी खुश कर देते हैं।
इडली सांबर
इडली सांबर एक दक्षिण भारतीय पकवान है। लेकिन आज यह हर किसी का पंसीदीदा खाना बन गया है। इंडली सांभर को दक्षिण भारत का मुख्य भोजन माना जाता है। वहीं अब इसकी पहुंच उत्तरी एवं पूर्वी भारत में भी हो गई है यही कारण है कि आपको हर सड़क, हर गली मोहल्ले के पास इंडली सांभर की दुकानें आसानी से मिल जाएगी। इडली सांभर को वैसै तो आप किसी भी समय खा सकते हैं किन्तु नाशते में इसका ज्यादा प्रयोग किया जाता है। यह स्ट्रीट फूड खाने में जितना स्वादिष्ट होता है उससे कई ज्यादा स्वास्थ्य के लिए लाभदायक भी होता है। इडली को चावल को भीगोकर पीसकर भाप में सेंक कर बनाया जाता है वहीं सांभर को अरहर की दाल के साथ सब्जियों को डालकर खट्टा तीखा स्वाद के साथ बनाया जाता है। इडली सांभर को मुख्यतः नारियल की चटनी के साथ परोसा जाता है जो आपको खाने का स्वाद और बढ़ा देती है। यह व्यंजन आपके पेट और आपके स्वास्थ्य के लिए भी सही होता है।
मिर्ची बाजी
मिर्ची बाजी एक हैदराबादी पकवान है। जो अपने तटपटे औऱ तीखे स्वाद के लिए जाना जाता है। जिसे खाने से पहले और खाने के बाद आपके मुंह में पानी आ जाता है। यह हैदराबाद और अन्य भारतीय शहरों की सड़कों पर विक्रेताओं द्वारा बेची जाने वाली व्यंजन है। इसे अधिकतर शाम की चाय या हल्की भूख के समय खाया जाता है। मिर्ची बाजी में मिर्च के अंदर मसालों को भरा जाता है जो इसे तीखा और चटपटा बना देते हैं। यह एक तरह से भरवां मिर्च भी होती है। हैदराबादी शैली में बनी मिर्ची बाजी और 'हैदराबाद' बिरयानी बहुत प्रसिद्ध हैं।
मोमोस
भारतीय स्ट्रीट फूड की दूनिया में मोमोस ने अच्छी पकड़ बना ली है। यह शाकाहारी और मांसाहारी दोनों रुपों से तैयार की जाती है। मोमोस आज- के समय में युवाओं में खासकर लोकप्रिय व्यंजन बन गया है। यद्यपि यह पकवान मूल रूप से भारत के उत्तर-पूर्वी भाग से है, लेकिन कोलकाता, दिल्ली और मुंबई जैसे स्थानों में भी यह लोकप्रिय मे किसी से पीछे नहीं है। आपको हर गली, हर मोहल्ले, सड़को पर मोमोज के ठेले मिल जाएगें। जो अपनी तीखी लाल चटनी के साथ आपके मुंह को गजब का स्वाद प्रदान करते हैं। मोमोज को बनाने के लिए मैदे को आंटे के समान गूंद कर उसमें शाकाहारी लोगों के लिए मौसमी सब्जी, पत्ता गोभी या पनीर को भरा जाता है और मांसाहारी लोगों के लिए चिकन को भरा जाता है। और फिर उसे भाप में पकाकर तैयार किया जाता है। मोमोज को अक्सर तीखी लाल चटनी के साथ परोसा जाता है जो आपको तीखे पन से प्यास तो बढ़ा देती है साथ ही आपकी जुबान का स्वाद भी बदल देती हैइसलिए मोमोस खाने से पहले आप अपने साथ एक गिलास पानी रखें तो बहुत अच्छा होगा। मोमोस को भाप में सेंक कर और तेल में छान कर दोनों तरह से पकाया जाता है जो आज के समय मे सबसे पंसदीदा स्ट्रीट फूड बन गया है।
पाव भाजी
पाव भाजी भी एक महाराष्ट्र का पंसदीदा व्यजंन है। जो आपको मुंबई की सड़को पर हर ठेले वाले के पास मिल जाएगा। आज के समय में पाव-भाजी आपको मुंबई के अलावा दिल्ली कोलकाता जैसे अन्य शहरो में भी आसानी से मिल जाएगी। पाव-भाजी का लाजवाब स्वाद आपकी भूख को और ज्यादा बढ़ा देगा। पाव भाजी दो तरह के व्यंजन के रुप में परोसी जाती है। पाव जिसे बन भी कहते हैं उसे मक्खन में सेंक कर भाजी के साथ परोसा जाता है। भाजी में सभी मौसमी सब्जियों को बारीक कर पकाया जाता है और चटपटे, खट्टे तीखे स्वाद वाली भाजी पाव के साथ हरे धनिए और प्याज एवं नीबूं की सजावट के साथ परोसी जाती है। जिसमें भाजी के बीच में एक मक्खन का टुकड़ा भी होता है। आपको इसे देखकर ही भूख लग जाएगी। यह खाने में जितनी स्वादिष्ट होती है उतनी ही सेहत के लिए भी ठीक होती है इसे असानी से पचाया जा सकता है। यह पकवान महाराष्ट्र में बहुत प्रसिद्ध है।
पानी पुरी
पानी पुरी इसका नाम सुनते ही लोगों को मुंह मे पानी भर आता है। शायद तभी से पानी पुरी कहा जाता है। पानी पुरी को विभिन्न शहरों में विभिन्न नामों के साथ जाना जाता है। महाराष्ट्र में जहां इसे पानी-पुरी कहा जाता है वहीं दिल्ली में गोलगप्पा, कोलकत्ता में पुचका कहा जाता है तो बिहार में गुपचुप। पानी पुरी का स्वाद अपने बहतरीन पानी के लिए जाना जाता है। यह हर उम्र के लोगों में लोकप्रिय है। यह आपको भारत के हर शहर ,हर कोने में आसनी से मिल जाएगी। पानी पुरी का ठेला लगाए कई विक्रेता खड़े रहते हैं। पुरी को आटें एवं मैदे से तैयार किया जाता है जो छोटी-छोटी पूरियों के आकार की होती है जिसे खाते समय उबले आलू-चने एवं मसालों से भरा जाता है और तीखे-मीठे जलजीरे के पानी में भर कर सीधा मुंह में रखा जाता है जिसे खाने के बाद आप दोबारा जरुर मांगते हैं। पानी पूरी खाते समय आपका पेट तो भर जाएगा लेकिन मन नहीं मानेगा। इसका स्वाद किसी के भी मुंह में पानी भर देने वाला होता है। यह भारत में सबसे ज्यादा लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है।
भेल पुरी
भेल पुरी एक चटपटा स्ट्रीट फूड है जिसका स्वाद आपके मिज़ाज को बना देता है। बेल पुरी मुख्यतः महाराष्ट्र का पकवान है जिसे पके हुए चावल यानि मुरी में कच्चे और बारीक कटे टमाटर, प्याज, मसालों और टमाटर सॉस के साथ मिलाया जाता है। यह पकवान मुंबई के समुद्र तटों पर आसानी से उपलब्ध होता लेकिन आज यह आपको भारतद कगे हर शहर में आसानी से मिल जाएगा। इसका तीखा चटपटा स्वाद आपके मुंह में स्वाद का रंग भर जाएगा। भेल पुरी को कोलकाता में झाल मुरी कहा जाता है जिसमें मुरी को कच्चे प्याज, टमाटर, उबल् आलु, नींबू के रस एवं सरसो के तेल में मिलाकर परोसा जाता है। यह खाने में बहुत लाजवाज होता है। आप इसे एक बार खाएंगे और बार-बार खाने को चाहेगें। यह स्ट्रीट फूड आपको पिकनिक या लंबी पैदल यात्रा के समय में खाने में बहुत अच्छा लगेगा।
प्याज कचौरी
प्याज कचौरी एक हल्का-फुलकी नमकीन की तरह है। यह शाम या सुबह की चाय के साथ बड़े चाव से खाई जाती है। प्याज कचौरी मुख्यः रुप से राजस्थान का व्यंजन है। जिसे पूरे भारत में खाया जाता है। यह काफी पंसदीदा पकवान है। यह दिन के किसी भी समय में चाय और कॉफी के साथ खाया जा सकता है। प्याज कचौरी आटें और मैदे से बनी पुरी की तरह होती है जिसमें प्याज को बारीक काट मसालो के साथ पकाकर पुरी में भरा जाता है और उसे तेल में तला जाता है। इसका खट्टा मीठा तीखा स्वाद चटनी और चाय के साथ गजब का लगता है। यह भारत के पंसदीदा स्ट्रीट फूड में से एक है। कुछ लोग इसे तलने की जगह सेंक कर खाते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शरीर के लिए भी अच्छी होती है। गर्मा-गर्मा कुरकुरी प्याज कचौरी की खूशबू ही आपको इसकी ओर खींचे ले जाएगी और आप इसे खाए बिना रह नहीं पाएगें।
समोसा
समोसा एक ऐसा स्ट्रीट फूड है जिसे हर कोई प्यार करता है। यह हर किसी का पंसदीदा व्यंजन है। शादी हो या पार्टी या घर में कई मेहमान आया हो। या शाम की चाय हो हर समय के लिए समोसा हमेशा तैयार रहता है। समोसा मुख्यतः दिल्ली के हर कोने-गली-मोहल्ले मे सड़कों पर, ठेलों और दुकानों पर मिल जाएगा। साथ ही आज यह देश-विदेश में लोकप्रिय हो रहा है जिसके कारण यह हर जगह आसानी से उपलब्ध हो जाता है। इसकी खासियत यह है कि यह खाने में जितना स्वादिष्ट होता है उतनी ही जल्दी आपका पेट भी भर देता है। समोसे के उपर तो बॉलीवुड की फिल्मों में कई गाने भी बन चुके हैं। समोसा मुख्यः रुप से मैदे से तैयार किया जाता है इसे पूरी के आकार मे बेलकर इसमें उबले आलु को धनिया, हरी मटर और मसालो के साथ भून कर भरा जाता है। जिसके बाद इसे तीकोना बनाकर तेल में तल दिया जाता है। समोसे को हरी और लाल चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसा जाता है जो आपकी चाय के स्वाद लाख गुना बढ़ा देता है। समोसे वैसे तो आलु को भरा जाता है किन्तु समय के साथ इसमें कई तरह के प्रयोग होने लगे है जिसमें इसमें क्रीम, पास्ता, मैगी, मैकरोनी, पनीर इत्यादि को भी भर कर तला जाता है। वैसे तो समोसा शाकाहारी व्यंजन है किन्तु कई जगह इसमें मीट या कीमा भर कर भी बनाया जाता है जो मांसाहारी लोगों में काफी लोकप्रिय है। इस स्ट्रीट फूड को मामूली कीमत पर खरीदा जा सकता है। यह आपको हर जगह आसानी से मिल जाती है। इसकी लाल एवं हरी चटनी इसके स्वाद में चार चांद लगा देती है। समोसे को खई जगहों पर सिंघारा भी कहा जाता है। कई जगह समोसे के साथ छोलों को भी परोसा जाता है। जो खाने में और भी ज्यादा स्वादिष्ट लगते हैं।
पापरी चाट
पापरी चाट एक तरह की उंगली चाटने वाला पकवान है जिसे खाने के बाद आप अपनीन उंगलियों को चाटने पर मजबूर हो जाएगें। पापरी चाट एक चटपटी, हल्का-फुल्का पकवान है। जो आपको भारत के हर क्षेत्र में मुख्य रुप से खाने को मिल जाएगा। पापरी चाट में आटें से बनी कुरकुरी पापरी होती है जिसे तेल में छान कर पूरी की तरह तला जाता है जिस पर उबले हुए आलू उबले हुए मटर, मूंग, दही, बारीक कटा हुई मिर्च, चटनी, सेव और चाट मसालों के मिश्रण के साथ सजा कर परोसा जाता है जिसे देखते ही आपकी भूख सौ गुना बढ़ जाएगी और आप अपने हाथ इसमें डालकर इसे खाए बिना रह नहीं पाएगें। इसकी चटनी में लिपटी आपकी उंगलियां आपके मुंह का स्वाद और बढ़ा देंगी। आपका पेट और आपका दिल दोनों पापरी चाट से खुश हो जाएगा। यह आपकी जेब पर भी ज्यादा बोझ नहीं डालती और आप इस स्ट्रीट फूड का स्वाद चखे बिना खुद को रोक नहीं पाएगें।
भारत के यह स्ट्रीट फूड आपको स्वादिष्ट भोजन के साथ भारत की सभ्यता, संस्कृति और भाईचारे को दर्शाते हैं जिनमें हर क्षेत्र, हर राज्य का प्यार, अपनत्व आपकों मिलेगा। भारत के यह स्ट्रीट फूड आपको भारत के अलग प्रांत, अलग क्षेत्र, अलग समुदाय का प्रतिनिधित्व जरुर करते नजर आएगें। अलग बोली-अलग भाषाओं में इनके अलग नाम होंगे लेकिन इन सभी व्यंजनो का केवल एक ही उद्देश्य है कि आपको भारत के प्यार और उसके स्वाद से रुबरु कराए। यह एक से बढ़कर एक स्ट्रीट फूड आपकी जेब पर बिना डाका डाले आपको भारत के विभिन्न व्यंजनों का स्वाद दिलाते हैं। एक गुलदस्ते के रुप में भारत के यह विभिन्न स्ट्रीट फूड आपको और कहीं नहीं मिलेगें। यदि आप भारत को करीब से जानना चाहते हैं तो इन स्ट्रीट फूड का आनंद जरुर लें इनको चखे बिना आपकी भारत यात्रा अधुरी है।